NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: Breaking News    State: Rajasthan

2026-05-27 02:14:49

सरहद पर जवानों का जज़्बा, देशवासियों के विश्वास की सबसे बड़ी ताकत

सरहद पर जवानों का जज़्बा, देशवासियों के विश्वास की सबसे बड़ी ताकत

सांचू चौकी पहुंच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बढ़ाया जवानों का मनोबल

बीकानेर/जयपुर | संवाददाता श्रवण पंवार | NMS NEWS

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित ऐतिहासिक सांचू बॉर्डर चौकी मंगलवार को देशभक्ति, सम्मान और सुरक्षा संकल्प का प्रतीक बन गई, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ संवाद करते हुए कहा कि “देश की सीमाओं पर जवान दिन-रात मुस्तैद हैं, तभी देशवासी सुरक्षित और निश्चिंत जीवन जी पा रहे हैं।”

गृहमंत्री शाह ने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के समर्पण, साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और हर चुनौती का जवाब देने के लिए सुरक्षा बल हर समय तैयार हैं। उन्होंने महिला जवानों से विशेष बातचीत कर उनके योगदान को भी सराहा और कहा कि देश की सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी लगातार मजबूत हो रही है।

इस अवसर पर अमित शाह ने सांचू चौकी परिसर में खेजड़ी का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने खेजड़ी को राजस्थान की संस्कृति और मरुस्थलीय जीवन का “कल्पवृक्ष” बताते हुए कहा कि यह केवल एक वृक्ष नहीं बल्कि पर्यावरण संतुलन और जीवन संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिससे भविष्य में जलवायु संतुलन को मजबूती मिलेगी।

गृहमंत्री ने 1965 भारत-पाक युद्ध का उल्लेख करते हुए सांचू चौकी के ऐतिहासिक महत्व को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और बीएसएफ के शौर्य के कारण दुश्मन को हमेशा मुंहतोड़ जवाब मिला है। शाह ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वे इस ऐतिहासिक चौकी पर आकर जवानों से मुलाकात करें, जो अब पूरी हुई।

सीमा क्षेत्र के नागरिकों ने भी गृहमंत्री के दौरे को गर्व और सम्मान का क्षण बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और जवानों का उत्साह देखने लायक रहा।

— संवाददाता श्रवण पंवार, जयपुर | NMS NEWS