News Details | Navdhriti Manavadhikar Samachar
LIVE UPDATES
Loading fresh updates...
NMS NEWS JAIPUR

Reporter

Category: General    State: Rajasthan

2026-05-30 03:31:44

ओलों और बारिश ने दी तपती गर्मी को मात, राजस्थान में मौसम ने बदला मिजाज

ओलों और बारिश ने दी तपती गर्मी को मात, राजस्थान में मौसम ने बदला मिजाज


नौतपा के बीच आई राहत की फुहार, कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट

जयपुर | NMS NEWS | संवाददाता श्रवण पंवार

राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और नीतपा के प्रकोप के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार शाम को जयपुर सहित अनेक जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव दर्ज किया गया, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

जयपुर शहर में शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद कई इलाकों में छोटे आकार के ओले भी गिरे। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और यातायात की गति प्रभावित हुई, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के कारण लोगों के चेहरे खिल उठे।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में बढ़ी नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हालांकि मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों तथा विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की आशंका भी रहती है। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून पूर्व यह बदलाव प्रदेश में बढ़ती गर्मी से राहत देने वाला साबित होगा। आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

संवाददाता : श्रवण पंवार
NMS NEWS | जयपुर
www.nms.news
Old Archives & News

Looking for our older reports or missed stories from the past?

View Old News