Category:
Breaking News (ब्रेकिंग न्यूज़)
State:
Rajasthan
2026-07-19 04:41:41
उदयपुर से ले जाए गए 7 बच्चों को गोवा में सुरक्षित बचाया, मानव तस्करी और धर्मांतरण की आशंका पर जांच तेज
उदयपुर से ले जाए गए 7 बच्चों को गोवा में सुरक्षित बचाया, मानव तस्करी और धर्मांतरण की आशंका पर जांच तेज
रेलवे पुलिस की सतर्कता से बच्चों का रेस्क्यू, एजेंसियों से विस्तृत जांच कराने की उठी मांग
संवाददाता: श्रवण पंवार | जयपुर | NMS.NEWS
जयपुर/उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले से सात बच्चों को कथित रूप से मुफ्त शिक्षा का लालच देकर दूसरे राज्यों में ले जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रेलवे पुलिस की सूचना पर गोवा में बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति और पुलिस की टीम बच्चों को वापस राजस्थान लेकर आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों में 2 बालिकाएं और 5 बालक शामिल हैं, जिनकी आयु लगभग 7 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है। बच्चों को पहले गुजरात और बाद में ट्रेन के माध्यम से गोवा ले जाया गया था। समय रहते सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने कार्रवाई कर सभी बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
मामले में मानव तस्करी, अवैध तरीके से बच्चों को दूसरे राज्यों में ले जाने तथा धर्मांतरण की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक तथ्यों का खुलासा होगा।
इस बीच जनप्रतिनिधियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए, सीबीआई तथा अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। प्रशासन का कहना है कि यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
— संवाददाता: श्रवण पंवार
जयपुर | NMS.NEWS