Category:
District News (जिला समाचार)
State:
Rajasthan
2026-06-13 11:15:11
सस्ते लोन के जाल में फंस रहे लोग, ब्लैकमेलिंग का बड़ा खुलासा: रिपोर्टर विमल जैन ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजी रिपोर्ट
सस्ते लोन के जाल में फंस रहे लोग, ब्लैकमेलिंग का बड़ा खुलासा: रिपोर्टर विमल जैन ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजी रिपोर्ट
जयपुर। देशभर में तेजी से बढ़ रहे फर्जी और संदिग्ध लोन एप्लीकेशनों के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाते हुए जयपुर के रिपोर्टर विमल कुमार जैन ने नमो ऐप के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विस्तृत रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विमल जैन ने बताया कि पिछले दो महीनों से वह मानव सेवा मिशन के बैनर तले ऐसे लोन एप्स की जांच कर रहे हैं, जो कम ब्याज और आसान लोन का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया कि कई एप्स लोगों का निजी डेटा एकत्र कर उनका दुरुपयोग कर रहे हैं तथा समय पर भुगतान नहीं होने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित, ब्लैकमेल और सामाजिक रूप से अपमानित करने तक की घटनाएं सामने आई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ये एप्स मोबाइल में मौजूद संपर्क सूची, फोटो और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाकर लोगों पर दबाव डालते हैं। इसके कारण अनेक परिवार आर्थिक, मानसिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं।
रिपोर्टर विमल जैन ने प्रधानमंत्री को भेजे अपने पत्र में मांग की है कि ऐसे फर्जी लोन एप्स की गहन जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, तथा भविष्य में इस प्रकार के साइबर और वित्तीय अपराधों को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास इन एप्स से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें वह संबंधित सरकारी एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय अथवा संबंधित विभाग के अधिकारियों से मुलाकात का अवसर देने का भी अनुरोध किया है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
विमल जैन का कहना है कि, "देश के नागरिकों को आर्थिक धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और साइबर शोषण से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कार्रवाई होगी।"
नवधृति मानवाधिकार समाचार नागरिकों से अपील करता है कि किसी भी लोन ऐप का उपयोग करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतें।
रिपोर्ट : विमल कुमार जैन, जयपुर
नवधृति मानवाधिकार समाचार (NMS News)
दिनांक : 13 जून 2026